हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय पुरुष टीम ग्रुप डी के एक बेहद अहम मुकाबले में बुधवार को पाकिस्तान से भिड़ेगी। मुकाबला एम्सटेलवीन (नीदरलैंड) के वैगनर स्टेडियम में खेला जाना है। अगले दौर में जगह बनाने के लिए इस मैच में टीम इंडिया को जीत की तलाश है।
भारतीय टीम ग्रुप डी में अब तक खेले 2 मैचों में 1 जीत और 1 हार के साथ दूसरे स्थान पर है। टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में वेल्स के खिलाफ जीत हासिल की थी, जबकि दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में ग्रुप का तीसरा और आखिरी मैच है। अगर भारतीय टीम को अगले राउंड में जगह बनानी है, तो चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेला में बेहद रोमांचक और दिलचस्प मुकाबला होता है। हॉकी में दोनों देशों के बीच प्रतिद्वंद्विता क्रिकेट की तरह ही है। हालांकि, भारतीय टीम का पलड़ा पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान पर बहुत भारी रहा है।