अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट से जीत हासिल करते हुए 'हांगकांग सिक्सेस' का अपना पहला खिताब जीत लिया है। रविवार को मिशन रोड ग्राउंड पर खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 115/4 के स्कोर पर रोकने के बाद अफगानिस्तान ने 5.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली।
गुलबदीन नायब की कप्तानी में, अफगानिस्तान इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को जीतने वाला आठवां देश बन गया। इससे पहले पाकिस्तान, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज भी यह टूर्नामेंट जीत चुके हैं।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित 6 ओवरों में 115/4 का स्कोर बनाया। मैक्स ब्रायंट ने 14 गेंदों पर धुआंधार 44 रन जड़े। उनके अलावा, एलेक्स रॉस ने नाबाद 29 रन और निक हॉब्सन ने 23 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी टीम से करीम जनत और नांगेलिया खरोटे ने 1-1 विकेट हासिल किया।