भारत के पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी उम्र में टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करना अपने आप में बड़ी बात है।
दिल्ली में स्कूल टोटल टी20 लीग के उद्घाटन समारोह में 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए चेतन ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी ने देश का नाम रोशन किया है। 15 साल की उम्र में देश के लिए खेलना आसान नहीं होता है। इस उम्र में तो लोग सोच रहे होते हैं कि किसमें करियर बनाना है।वह बहुत ही काबिल खिलाड़ी हैं और देश की धरोहर हैं।
उन्होंने आगे कहा, "बीसीसीआई बहुत अच्छी तरीके से उनको संभाल रहा है। उम्मीद करते हैं कि वह धीरे-धीरे बहुत बड़े प्लेयर बनेंगे। हम उम्मीद करते हैं वैभव भी सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली की तरह की देश का नाम आगे चलकर रोशन करेंगे। हमारी दुआएं उनके साथ है।" चेतन ने क्रिकेट में स्कूल स्तर के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "देखिए, स्कूल क्रिकेट सबसे महत्वपूर्ण क्रिकेट है, यह हमारा ग्रास रूट लेवल है। कल के सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, विराट कोहली या रोहित, शर्मा आज स्कूल में हैं। देखिए, यह सभी यहीं से देश के लिए ऊपर आने हैं और यहां पर ध्यान देना जरूरी है।"