भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा, एशियन गेम्स 2026 के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। सलामी जोड़ी में किसे मौका दिया जाएगा, यह एक बड़ा सवाल है।
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी भारतीय टीम में शामिल हैं, जो बतौर सलामी बल्लेबाज पहले ही अपना जलवा बिखेर चुके हैं। एक ओर आयरलैंड में युवा संयोजन की परीक्षा हो सकती है, तो दूसरी तरफ इंग्लैंड में अनुभवी संयोजन देखने को मिलेगा। एशियन गेम्स में भविष्य की टीम बनाने पर जोर दिया जाएगा। ऐसे में समझने की कोशिश करते हैं कि इन टूर्नामेंट्स में भारत की सलामी जोड़ी किस तरह नजर आ सकती है?
भारतीय टीम मैनेजमेंट आयरलैंड के खिलाफ दो मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए युवा खिलाड़ियों को परख सकता है। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत दिला सकते हैं। बल्लेबाजी के साथ ईशान विकेटकीपिंग का जिम्मा भी संभालते हैं। हालांकि, अपेक्षाकृत कमजोर विपक्ष के खिलाफ 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी मौका दिया जा सकता है, जो आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।