पाकिस्तान के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज फखर जमान को बड़े मैचों का खिलाड़ी माना जाता है। इस बात को शनिवार को गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल में उन्होंने एक बार फिर साबित किया और शतकीय पारी खेलते हुए पाकिस्तान को जीत दिलायी। फखर को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान फखर ने कहा, "मेरे पिछले 4 मैच अच्छे नहीं रहे थे, इसलिए मुझे लगा कि फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए। मैं पूरी कोशिश कर रहा था। क्रिकेट एक ऐसा खेल है जिसमें कभी-कभी आप बहुत अच्छे टच में होते हैं, लेकिन रन नहीं बनते। इस पारी में भी शुरुआत में, मैं थोड़ा संघर्ष कर रहा था, लेकिन किस्मत से रन बने, और यह मेरे लिए अच्छी बात है। जब भी कोई फाइनल होता है, तो मैं रन बनाता हूं।"
विकेटकीपर बल्लेबाज साद बेग के साथ साझेदारी पर फखर ने कहा, "मैंने उनके साथ घरेलू क्रिकेट खेला है। वह बहुत प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। जब मैं संघर्ष कर रहा था, तो उन्होंने तेजी से रन बनाए। इससे मुझे टाइम लेने का मौका मिला। अगर वह भी मेरी तरह धीरे खेलते, तो शायद मैं कुछ और मौके लेने की कोशिश करता, और अगर आप उन मौकों का फायदा उठाते हैं, तो आप अपना विकेट गंवा सकते हैं। इसलिए जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की और जिस तरह से अपनी पारी को आगे बढ़ाया, उसका श्रेय उन्हें जाता है। मेरे हिसाब से, उनकी पारी मैच की श्रेष्ठ पारी थी।"