ICC T20 World Cup: भारत ने नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले को 93 रन से अपने नाम किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव इस विश्व कप में टीम के प्रदर्शन से खुश हैं।
गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने ईशान किशन (61) और हार्दिक पंड्या (52) की शानदार पारियों के दम पर 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए। इसके जवाब में नामीबियाई टीम 18.2 ओवरों में 116 रन पर सिमट गई।
भारत ने पिछले मुकाबले में यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीत दर्ज की थी। अब टीम इंडिया 15 फरवरी को पाकिस्तान और 18 फरवरी को नीदरलैंड से भिड़ेगी। कप्तान ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा, "अब तक चीजें जिस तरह से आगे बढ़ी हैं, उससे मैं काफी खुश हूं। आगे के लिए बिल्कुल वही है, जिसकी हमें तलाश थी। हर मैच अहम होता है। शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई जरूर, लेकिन अब मुझे लगता है कि हम सही रास्ते पर हैं।"