भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और लोकप्रिय कमेंटेटर दीप दासगुप्ता ने श्रीलंका के खिलाफ आने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज भारतीय बल्लेबाजी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल श्रीलंका की पिच भारतीय बल्लेबाजी के लिए बड़ी चुनौती होगी।
दीपदास गुप्ता ने शनिवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "हमने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी देखी है। उसे देखने के बाद मैं यह नहीं कहूंगा कि डर है, लेकिन एक चिंता है। वे उन कंडीशन में कैसे खेल पाएंगे? क्योंकि वहां स्पिनरों के अनुकूल पिच होगी। श्रीलंका की ताकत स्पिन गेंदबाजी ही है। भारतीय बल्लेबाज उन परिस्थितियों का मुकाबला कैसे करेंगे? बल्लेबाज कैसे खेलेंगे? मेरे हिसाब से, यही सबसे बड़ी चुनौती होने वाली है।"
गुप्ता ने कहा, "मैं गेंदबाजी को लेकर उतना परेशान नहीं हूं। स्पिन विभाग में हमारे पास वॉशिंगटन सुंदर, सारांश जैन और कुलदीप यादव हैं। बल्लेबाजी चिंता का कारण है। हम दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड सीरीज देख सकते हैं।"