भारतीय बल्लेबाज तेजल हसबनीस का मानना है कि अलग-अलग मैच स्थितियों के लिए की गई पुख्ता तैयारी ही उनके हालिया अच्छे प्रदर्शन का राज है। उनका कहना है कि इससे उन्हें वह स्पष्टता मिलती है, जिसकी जरूरत उन्हें मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने उतरते समय होती है।
तेजल ने मोहाली में ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ 50 ओवरों की सीरीज में भारत 'ए' के लिए दो अर्धशतक जड़े, जिससे टीम ने 2-1 से सीरीज जीती। इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में बुलाया गया है, जो बीसीए स्टेडियम में खेली जा रही है।
तेजल ने ब्रॉडकास्टर्स के साथ बातचीत में कहा, "सच कहूं तो, मुझे लगता है कि एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर तैयारी बहुत अहम है, क्योंकि मैं खुद को अलग-अलग तरह की स्थितियों में ढालने की कोशिश करती हूं। जैसा कि आपने कहा, मैं अलग-अलग पहलुओं पर काफी अभ्यास करती हूं। जैसे मुझे किन क्षेत्रों को निशाना बनाना है या मुझे किस तरह की पारी आगे बढ़ानी है।"