ओडिशा टी20 लीग-सीएम में भुवनेश्वर टाइगर्स के लिए खेल रहे बाएं हाथ के युवा स्पिनर बादल बिस्वाल ने कहा है कि वह भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपना आदर्श मानते हैं, साथ ही न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर डेनियल विटोरी को भी बेहद करीब से फॉलो करते हैं।
भुवनेश्वर टाइगर्स की जीत के बाद बादल बिस्वाल ने कहा, "टीम में हर कोई बहुत सहयोगी स्वभाव का रहा है और माहौल शुरू से ही बहुत सकारात्मक रहा है। कोच, कप्तान, सहयोगी स्टाफ और मालिकों, सभी ने हमें बहुत आत्मविश्वास दिया है और हमें महसूस कराया है कि हम सब इसमें एक साथ हैं। उन्होंने परिणाम की परवाह किए बिना हमारा साथ दिया है। इसी भरोसे से हमें मैदान में उतरकर खुद को एक्सप्रेस करने की आजादी मिलती है।"
बिस्वाल ने कहा, "जब हमें टारगेट डिफेंड करना था तो इससे हमें शांत और फोकस्ड रहने में मदद मिली। हम जानते थे कि गेम जल्दी बदल सकता है, लेकिन हमने एक-दूसरे पर भरोसा किया और अपने प्लान पर टिके रहे। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है। हम यह टूर्नामेंट जीतना चाहते हैं। हम हर मैच को उस लक्ष्य के करीब जाने के मौके की तरह लेंगे।"