England Second ODI: रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रोहित ने दूसरे वनडे में 26 रन बनाने के लिए 47 गेंदों का सामना किया और वह क्रीज पर सेट होने के बाद अपना विकेट देकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने रोहित का बचाव किया है।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित की हालिया फॉर्म पर बात करते हुए सितांशु ने कहा, "देखिए, मुझे नहीं लगता है कि रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव हो सकता है। वह एक लाजवाब खिलाड़ी हैं। बेशक दो मैचों में वह रन नहीं बना पाए हैं, लेकिन इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता है। इस मुकाबले में भी लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन फिर भी चिंता की कोई बात नहीं है।"
रोहित की हालिया फॉर्म वनडे में इस साल कुछ खास नहीं रही है। 8 मुकाबलों में रोहित 30 की औसत और 88 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 241 रन ही बना सके हैं। इस दौरान भारतीय टीम के पूर्व कप्तान के बल्ले से महज एक अर्धशतक निकला है। रोहित को लेकर ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि सिलेक्टर्स ने उनसे आगे देखने का मन बना लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने 'आईएएनएस' को बताया है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे मुकाबले के बाद सिलेक्टर्स रोहित को एकदिवसीय टीम में नहीं रखना चाहते हैं।