स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी ने बुधवार को घरेलू सीजन में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम के कम मैचों वाले शेड्यूल पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि सबसे अहम महीनों में इंटरनेशनल मैच न होना दुखद है।
दुनिया की नंबर-1 वनडे और टी20 टीम ऑस्ट्रेलिया अगले दो हफ्तों में कुल छह सीमित ओवरों के मैच खेलेगी। टीम पहले बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी और उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलेगी। हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को लगभग पांच महीने तक घरेलू मैदान पर कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेलना है। इसका मतलब है कि मार्च तक ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट फैंस को अपनी टीम को घरेलू सीजन के दौरान इंटरनेशनल मुकाबले खेलते हुए देखने का मौका नहीं मिलेगा।
एलिस पेरी ने शुक्रवार को बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती वनडे से पहले ब्रिस्बेन में पत्रकारों संग बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि इस समय हर कोई शेड्यूल के नजरिए से चुनौती महसूस कर रहा है कि हम शायद इस गर्मी के सबसे अहम महीनों में नहीं खेल पा रहे हैं, जब लोग सच में क्रिकेट से जुड़े होते हैं। बच्चों की छुट्टियां होती हैं, लोग काम से छुट्टी पर होते हैं, तो हां, निश्चित रूप से एक चुनौती है, क्योंकि हमारी टीम काफी सफल रही है और हमें देश भर के फैंस से कुछ समर्थन मिला है।"