भारत की बल्लेबाज हरलीन देओल विमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूसीपीएल) के बाकी मैचों के लिए बारबाडोस ट्राइडेंट्स टीम में शामिल हो गई हैं। वह इस टूर्नामेंट में खेलने वाली पांचवीं भारतीय क्रिकेटर बन गई हैं। हरलीन ट्राइडेंट्स टीम में अपनी साथी खिलाड़ियों पूजा वस्त्राकर और किरण नवगिरे के साथ जुड़ गई हैं। यह किसी ग्लोबल फ्रेंचाइजी टी20 टूर्नामेंट में उनका पहला अनुभव होगा।
भारत में आधिकारिक ब्रॉडकास्टर 'फैनकोड' द्वारा आयोजित वर्चुअल बातचीत में हरलीन ने 'आईएएनएस' से कहा, "मैं बारबाडोस ट्राइडेंट्स के साथ हूं और मुझे यहां आए हुए अभी सिर्फ दो दिन ही हुए हैं। यह सब बहुत अचानक हुआ। इसी वजह से मैं बहुत उत्साहित हूं और यहां अच्छा लग रहा है। सच कहूं तो यह अनुभव बहुत शानदार रहा है, क्योंकि यहां का माहौल और अनुभव बिल्कुल अलग है। मैंने अभी सिर्फ एक प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया है और हम टीम बॉन्डिंग के लिए एक क्रूज पर गए थे। वह वाकई बहुत अच्छा अनुभव था।"
भारत की वनडे वर्ल्ड कप 2025 विजेता टीम की सदस्य हरलीन ने बताया कि फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट के अचानक बुलावे के बाद ही वह कैरेबियन पहुंचीं। उन्होंने कहा, "यह बहुत अचानक आया बुलावा था। मुझे लगता है कि मैनेजमेंट टीम से शशांक सर ने मुझसे संपर्क किया और पूछा, 'क्या आप डब्ल्यूसीपीएल खेलना चाहती हैं? मैंने कहा, 'हां, क्यों नहीं?' जाहिर है कि यहां अनुभव, पिच और लोग सब अलग हैं। फ्रेंचाइजी क्रिकेट थोड़ा अलग होता है, लेकिन यह अनुभव और सीखने के लिहाज से अच्छा है। इसी कारण मैंने बस हां कह दिया और फिर यहां आ गई।"