प्रफुल्ल हिंगे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की खोज रहे। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं और चर्चा का विषय बन गए थे।
हालांकि, अब पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ रेड-बॉल सीरीज के जरिए उनका भारत ए के लिए पहला असाइनमेंट शुरू होने वाला है। इस बारे में बात करते हुए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा कि 22 सितंबर से शुरू होने वाले मैच के लिए वे बहुत ही आसान तरीका अपनाएंगे। वह वर्तमान में रहेंगे और अगली गेंद के अलावा किसी और चीज के बारे में नहीं सोचेंगे।
प्रफुल्ल हिंगे ने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा, "मैं दिमाग में ज्यादा नहीं सोचता कि आगे क्या होगा या क्या नहीं होगा। मैं बस वर्तमान पर ध्यान देता हूं – जैसे मैच में हाथ में गेंद लेकर मुझे क्या करना है। मैं बस एक बार में एक गेंद फेंकने पर ध्यान देता हूं। एक गेंदबाज के तौर पर कई चुनौतियां होती हैं और मुझे वे चुनौतियां पसंद हैं। जब गेंद आती है, तो मुझे बस अपनी गेंदबाजी करनी होती है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ करूंगा। बाकी, जो भी होगा, वह तो होगा ही।"