भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि भारतीय क्रिकेट नतीजों और सोच दोनों के मामले में सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि भारत वर्ल्ड क्रिकेट में बेस्ट बने। रोहित के अनुसार, कप्तानी ने उनके करियर को नई दिशा देने का काम किया।
मुंबई इंडियंस के 'ईएसए डे' इवेंट में बात करते हुए रोहित ने कहा, "मैं चाहता हूं कि भारत वर्ल्ड क्रिकेट का पावरहाउस बने। यही मुख्य बात है क्योंकि मैं चाहता हूं कि भारत बेस्ट बने और क्रिकेट वहां सबसे ऊपर हो। हमने पिछले तीन वर्षों में जो किया है, वह देखने में शानदार रहा है। 2024 वर्ल्ड कप से लेकर, महिला वर्ल्ड कप, अंडर-19 वर्ल्ड कप, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के अलावा एक और टी20 वर्ल्ड कप तक। मुझे उम्मीद है कि हम अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेंगे।"
रोहित ने पिछले कुछ वर्षों में खेल में आए बड़े बदलाव की ओर भी इशारा किया, खासकर छोटे फॉर्मेट में, जहां उनके डेब्यू के बाद से बैटिंग अप्रोच और स्कोरिंग पैटर्न में काफी बदलाव आया है।