आईपीएल 2025 के ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने एक बल्लेबाज के नाम पर दांव लगाया और 30 लाख रुपए खर्च करते हुए उस खिलाड़ी को अपनी टीम से जोड़ा। रिकी पोंटिंग की बल्लेबाजी को देखकर बड़े हुए उस बल्लेबाज का मानो सपना सच हो गया, क्योंकि वह उसी ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बना, जिसके हेड कोच पोंटिंग थे। आंध्र प्रदेश लीग में शतक और एक ओवर में 5 छक्के लगाकर सुर्खियों में आए पायला अविनाश खुद को लकी मानते हैं कि उन्हें पंजाब किंग्स के खेमे में शामिल होने का मौका मिला। पायला अविनाश ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत करते हुए घरेलू क्रिकेट से आईपीएल तक पहुंचने के सफर को लेकर विस्तार से बात की।
सवाल: अविनाश, पंजाब किंग्स ने आपको तब चुना जब आप लाइमलाइट में भी नहीं थे और किसी का ध्यान आप पर नहीं गया था। हालांकि, उन्होंने आपको सही समय पर पहचाना। आपको क्या लगता है कि उन्होंने आपके अंदर ऐसा क्या देखा जो शायद दूसरों को नहीं दिखा?
जवाब: सबसे पहले मैं बहुत किस्मत वाला था कि उस समय पंजाब किंग्स ने मुझे चुना। उस समय मैं आंध्र प्रीमियर लीग में बहुत अच्छा खेल रहा था। वह मेरा तीसरा सीजन था। मैंने तीनों सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया था, और जब उन्होंने मुझे चुना, तब तक मैं एक शतक लगा चुका था।