आरसीबी ने आईपीएल 2026 का खिताब जीत लिया है। रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता। आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद सीजन में टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि वह खिताब के लिए पर्पल कैप छोड़ सकते हैं।
भुवनेश्वर कुमार ने कहा, "ट्रॉफी सबसे ज्यादा जरूरी है। मैं इसके लिए पर्पल कैप भी छोड़ दूंगा। यह सीजन अच्छा रहा। इससे पहले हमने काफी प्लानिंग की थी। अगर आप विकेट लेते हैं, तो आपका आत्मविश्वास बढ़ जाता है। किसी बड़े मैच में उतरते समय, पिछली जीतें आपको आत्मविश्वास देती हैं। हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और हमें इसी की जरूरत थी।"
भुवनेश्वर ने सीजन के 16 मैचों में 28 विकेट लिए और सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में जीटी के रबाडा (29 विकेट) के बाद दूसरे नंबर पर रहे। बता दें कि रबाडा ने भुवनेश्वर से एक मैच ज्यादा खेला है।