इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के नए हेड कोच सौरव गांगुली ने बुधवार को कहा कि वह अपनी नई भूमिका को लेकर उत्साहित हैं। गांगुली ने आने वाले आईपीएल सीजन में फ्रेंचाइजी को सफल बनाने के लिए अपना बेस्ट देने का वादा किया।
गांगुली ने डीसी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, "मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं उनके साथ दो सीजन से हूं, दोनों ही बार डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट के तौर पर रहा। 2019 में पहले सीजन में हम सेमीफाइनल में हार गए थे और फिर मैं बीसीसीआई प्रेसिडेंट के तौर पर चला गया। इसलिए मैं आने वाले सीजन के लिए सच में बहुत उत्साहित हूं। दिल्ली की टीम अच्छी है और टीम को सफल बनाने के लिए अपना बेस्ट दूंगा।"
डीसी का हेड कोच बनना उनके लिए कैसे क्लिक हुआ? इस सवाल के जवाब में गांगुली ने कहा, "मैं एक कोच की मानसिकता का अनुभव करना चाहता था क्योंकि यह एक खिलाड़ी जैसा नहीं होता। यह थोड़ा अलग होता है। आपको चीजों को समझने की जरूरत होती है। आपको रिलैक्स रहने की जरूरत होती है। आपको अभी भी खिलाड़ियों से बेस्ट निकलवाने और खिलाड़ियों के साथ काम करने का तरीका ढूंढ़ना होता है क्योंकि खिलाड़ी अलग होते हैं।"