भारत के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर की नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि अय्यर का अपने खिलाड़ियों पर भरोसा और शांत स्वभाव उनके जैसे युवा गेंदबाजों का आत्मविश्वास बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाता है।
यश ठाकुर ने बताया कि कप्तान श्रेयस अय्यर गेंदबाजों को खुलकर खेलने की आजादी देते हैं और मुश्किल परिस्थितियों में भी उन पर पूरा विश्वास जताते हैं। उनके मुताबिक, यही भरोसा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। यश इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स की तरफ से अय्यर की कप्तानी में खेल चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले से साथ खेलने की वजह से दोनों के बीच अच्छी समझ बनी हुई है। अय्यर उनकी गेंदबाजी की खूबियों को अच्छी तरह जानते हैं और यह भी समझते हैं कि किस स्थिति में उनका सबसे बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इसी तालमेल की वजह से भारतीय टीम में भी उनके लिए खुद को ढालना आसान रहा है। कप्तान का भरोसा और स्पष्ट रणनीति उन्हें मैदान पर आत्मविश्वास के साथ गेंदबाजी करने में मदद करती है। ठाकुर ने 'जियोस्टार' से कहा, "कप्तान श्रेयस अय्यर मेरी खूबियों को अच्छी तरह जानते हैं। वह समझते हैं कि मैं खेल के किस हिस्से में सबसे असरदार हूं, चाहे वह पावरप्ले हो, मिडिल ओवर्स हों या डेथ ओवर्स। उन्हें पता है कि टीम को जिताने के लिए मैं कहां सबसे अधिक योगदान दे सकता हूं।"