इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को पॉल रीफेल को उनके अंपायरिंग करियर में एक अहम उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी। हैमिल्टन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच में अंपायरिंग करने के साथ ही वह पुरुषों के 100 वनडे मैचों में अंपायरिंग करने वाले 23वें अधिकारी बन गए हैं।
'एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ अंपायर्स' के सदस्य रीफेल, यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे ऑस्ट्रेलियाई बन गए हैं। उनसे पहले डेरिल हार्पर, साइमन टॉफेल, डेरेल हेयर, स्टीव डेविस और रॉड टकर भी यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने 60 वर्षीय रीफेल को इस उपलब्धि पर बधाई दी। आईसीसी के इवेंट्स और क्रिकेट ऑपरेशंस के जनरल मैनेजर, गौरव सक्सेना ने एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर से खेल के एक सम्मानित अंपायर बनने तक के उनके सफर की तारीफ की।
सक्सेना ने कहा, "आईसीसी खुद को भाग्यशाली मानता है कि उसके पास अंपायरों का एक ऐसा बेहतरीन पैनल है, जिनके पास पूर्व खिलाड़ी और अंपायर दोनों के रूप में खेल का गहरा अनुभव और समझ है। पॉल इस सफर का एक शानदार उदाहरण हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेलने के बाद उन्होंने सफलतापूर्वक अंपायरिंग की दुनिया में कदम रखा और खुद को खेल के सबसे सम्मानित अंपायरों में से एक के रूप में स्थापित किया। 'एलीट पैनल' में उनके 13 साल, उनकी निरंतरता, पेशेवर रवैये और उनके द्वारा बनाए रखे गए उच्च मानकों को दर्शाते हैं।"