T20 World Cup: जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बुधवार को पुष्टि की कि टीम भारत में टी20 विश्व कप 2026 में अपना सफर समाप्त होने के बाद स्वदेश लौट रही है। ईरान-इजरायल-यूएस के बीच चल रही बमबारी की वजह से मूल यात्रा योजना प्रभावित हुई थी। इसके बाद आईसीसी ने वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की।
जिम्बाब्वे का टूर्नामेंट में सफर रविवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट की हार के साथ समाप्त हो गया था। टीम को सोमवार सुबह 4:30 बजे से तीन बैच में नई दिल्ली से दुबई होते हुए हरारे रवाना होना था। योजना के अनुसार उन्हें एमिरेट्स की उड़ान से दुबई और वहां से कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर हरारे पहुंचना था।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एयरस्पेस बंद होने से दुबई और अबू धाबी में हजारों उड़ानें रद्द हो गईं, जिससे जिम्बाब्वे टीम की वापसी प्रभावित हुई। इसके बाद, आईसीसी ने वैकल्पिक रूट तैयार किया।