ICC Player of the Month: वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स और हेली मैथ्यूज को 'जुलाई माह' के लिए 'आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना गया है। ग्रीव्स को टेस्ट क्रिकेट में, जबकि मैथ्यूज को वनडे में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए यह अवॉर्ड मिला है, जिससे वेस्टइंडीज ने एक खास 'डबल' हासिल किया।
ऐसा पहली बार है, जब एक ही माह में वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने दोनों अवॉर्ड जीते हैं और जनवरी 2021 में इन अवॉर्ड्स की शुरुआत के बाद से ऐसा केवल 5वीं बार हुआ है। इससे पहले, भारत के जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना (जून 2024), श्रीलंका के डुनिथ वेलालेज और हर्षिता समरविक्रमा (अगस्त 2024), भारत के अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना (सितंबर 2025) और साउथ अफ्रीका के सेनुरन मुथुसामी और लौरा वोल्वार्ड्ट (अक्टूबर 2025) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
श्रीलंका और पाकिस्तान के विरुद्ध घरेलू टेस्ट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले ग्रीव्स ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक और बांग्लादेश के ओपनर तंजीद हसन को पीछे छोड़ते हुए यह अवॉर्ड जीता। ग्रीव्स ने नॉर्थ साउंड में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट को बचाने में मदद की थी। मेहमान टीम के 9 विकेट पर 549 रन बनाने के बाद उन्होंने शानदार 180 रन बनाए, जिससे दो मैचों की आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में 1-0 से जीत सुनिश्चित हुई। त्रिनिदाद में पाकिस्तान के विरुद्ध दो टेस्ट मैचों में से पहले मैच में, उन्होंने 90 रन की जीत में 27 रन देकर पांच और 12 रन देकर दो विकेट लिए और अपनी टीम को आगे पहुंचाया।