आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 मैच के दौरान रविवार को आचार संहिता तोड़ने पर यूएई के ऑलराउंडर बासिल हमीद को एक डिमेरिट प्वाइंट मिला है। आईसीसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड ने 3 विकेट से जीत हासिल की थी।
नीदरलैंड की पारी के नौवें ओवर में बासिल की गेंदबाजी पर एक कैच छूट जाने के बाद, उन्होंने हताशा में अपशब्द कहे, जो सभी को सुनाई दिए। इस मुकाबले में बासिल हमीद ने 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 21 रन देने के बावजूद कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।
बासिल को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनी आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान सुनाई देने वाली अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से जुड़ा है। पिछले 24 महीनों में बासिल का यह पहला अपराध है और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ दिया गया है।