इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक एक बार फिर आईसीसी मेंस टेस्ट प्लेयर रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। ब्रूक ने ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रेविस हेड को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया है। ब्रूक ने चौथी बार यह शीर्ष स्थान अपने नाम किया है। वह पहली बार दिसंबर 2024 में बतौर बल्लेबाज टेस्ट के बादशाह बने थे।
ट्रेविस हेड तीन स्थान नीचे फिसलकर चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनकी रैंकिंग में गिरावट बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में सिर्फ 22 और 17 रन की पारियां खेलने के बाद आई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस मुकाबले में उलटफेर का शिकार होकर 9 विकेट से मैच गंवाना पड़ा था। जो रूट (दूसरे) और स्टीव स्मिथ (तीसरे) भी हेड से आगे निकल गए हैं। स्मिथ ने 71 और 44 रन बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं, बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 9 स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ 20वीं रैंकिंग पर पहुंच गए। शांतो ने पहली पारी में 84 रन बनाकर जीत की नींव रखी थी। शांतो भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और अपने ही देश के लिटन दास जैसे खिलाड़ियों से आगे निकल गए।