ICC Rankings: बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज ने वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। मिराज ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई घरेलू वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, जिसका फायदा उन्हें वनडे रैंकिंग में मिला है। मेहदी वनडे ऑलराउंडर्स की लिस्ट में दो स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
मेहदी हसन मिराज ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मैच में 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। इसके बाद अगले मैच में 34 रन देकर 2 विकेट निकाले। मेहदी वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में 9 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 7वें पायदान पर पहुंच गए हैं।
बांग्लादेश के मुख्य बल्लेबाज तंजीद हसन ने पाकिस्तान के खिलाफ 107 रन की पारी खेली थी। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक था। इस शतकीय पारी के साथ हसन 31 पायदान ऊपर चढ़कर 55वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, लिटन दास 10 स्थान ऊपर चढ़कर 82वें पायदान पर आ गए हैं।