आईसीसी ने बुधवार को पुरुषों की ताजा वनडे रैंकिंग जारी की है, जिसमें नीदरलैंड्स के खिलाड़ियों को आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। बुधवार को जारी आईसीसी रैंकिंग में डच टीम के कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में काफी सुधार हुआ है।
नीदरलैंड्स की टीम लीग 2 प्रतियोगिता में शानदार फॉर्म में है। हाल ही में उन्होंने नेपाल के खिलाफ 57 रन से जीत दर्ज करते हुए स्टैंडिंग में टॉप-4 में अपनी स्थिति मजबूत की, जिससे आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर में जगह बनाने की उनकी उम्मीदें बरकरार हैं।
नीदरलैंड्स के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने नेपाल के खिलाफ मैच जिताऊ 57 रनों की पारी खेली थी, जिससे उन्हें ताजा रैंकिंग में सबसे ज्यादा फायदा मिला। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाई है, जो अब 34वें स्थान पर पहुंच गए हैं।