T20 World Cup: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से मंगलवार को जारी ताजा रैंकिंग में भारतीय स्पिनर श्री चरणी वर्ल्ड नंबर 1 टी20 अंरराष्ट्रीय गेंदबाज बनी हुई हैं। हालांकि, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन और लॉरेन बेल ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद टॉप पर पहुंचने की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
श्री चरणी ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में 14 विकेट हासिल किए। भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट से अभियान समाप्त हो गया है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की खिलाड़ी नॉकआउट स्टेज में खेल रही हैं। ऐसे में श्री चरणी की बढ़त पर खतरा बना हुआ है।
एक्लेस्टोन टूर्नामेंट में अब तक आठ विकेट लेकर गेंदबाजों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं, जबकि इंग्लैंड की ही तेज गेंदबाज बेल ने और भी बड़ी छलांग लगाई और तीन स्थान ऊपर चढ़कर चौथे नंबर पर आ गई हैं। साउथ अफ्रीकी स्पिनर नोंगकुलुलेको म्लाबा को एक स्थान का फायदा मिला है। अब वह पांचवें पायदान पर हैं, जबकि पाकिस्तान की बाएं हाथ की स्पिनर नाशरा संधू एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर आ गईं।