अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अपील पैनल ने गुरुवार को पाकिस्तान के लाहौर स्थित गद्दाफी स्टेडियम की पिच को लेकर लगाया गया डिमेरिट अंक हटा दिया। यह फैसला जून में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच की पिच को दी गई 'असंतोषजनक' रेटिंग के खिलाफ दायर अपील की समीक्षा के बाद लिया गया।
यह निर्णय पैनल की तरफ से मैच के फुटेज, मैच रेफरी की रिपोर्ट और 4 जून को खेले गए मुकाबले में शामिल कप्तानों की आधिकारिक टिप्पणियों की समीक्षा के बाद लिया गया। शुरुआत में आईसीसी की पिच और आउटफील्ड मॉनिटरिंग प्रोसेस के तहत पिच को 'असंतोषजनक' रेटिंग दी गई थी, जिसके कारण स्टेडियम पर एक डिमेरिट प्वाइंट लगाया गया था।
हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की तरफ से दायर अपील के बाद, पैनल ने पाया कि भले ही मैच रेफरी ने संबंधित दिशानिर्देशों का सही ढंग से पालन किया था, लेकिन खेलने वाली सतह (पिच) में वे विशेषताएं नहीं थीं जो 'असंतोषजनक' रेटिंग के लिए जरूरी होती हैं।