Harbhajan Singh: हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भारत के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को 'स्लॉगर' बताया था। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आमिर को करारा जवाब देते हुए कहा है कि अगर वह 'लप्पेबाजों' की परिभाषा देंगे, तो बहुत से लोगों को चिढ़ मचेगी।
हरभजन सिंह ने 'आईएएनएस' से कहा, "अभिषेक एक क्वालिटी खिलाड़ी हैं। वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अपने दम पर मैच जिताने का माद्दा रखते हैं। वह एक बार नहीं, बल्कि बार-बार ऐसा कर सकते हैं। वह एक संपूर्ण बल्लेबाज हैं, जिनके पास वो शॉट्स हैं, जो बहुत सारे बल्लेबाजों के पास नहीं होते।"
उन्होंने कहा, "लप्पेबाज वो होता है, जो सिर्फ बॉल देखकर बैट घुमाता है, चाहे बल्ले से गेंद का संपर्क हो या फिर नहीं हो। अभिषेक ऐसे नहीं हैं। उनकी पहली बॉल ही बल्ले से लगती है, उसके बाद गेंदें उनके बल्ले पर आती ही रहती हैं। उन्हें लप्पेबाज कहना गलत है। अगर मैं लप्पेबाज बल्लेबाजों की परिभाषा दूंगा, तो बहुत से लोगों को चिढ़ मचेगी। शायद वो चाहते हैं कि हम इस पर प्रतिक्रिया दें, लेकिन मुझे ऐसा नहीं करना है। मैं कहता हूं कि- 'अभिषेक कल वो जलवा दिखा, जो पहले दिखाया था।' हमें उनसे काफी उम्मीदें हैं, अगर वो लंबी पारी खेलते हैं, तो टीम इंडिया काफी विशाल स्कोर बनाएगी।"