T20 World Cup: पाकिस्तान ने शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के विरुद्ध भले ही 5 रन से जीत दर्ज की, लेकिन यह टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। खिताबी रेस से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने टॉस और ओस को बड़ा फैक्टर बताया है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। मेहमान टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 या उससे कम रनों पर रोकना था, लेकिन ऐसा न हो सका। श्रीलंका ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 207 रन बना लिए।
खिताबी रेस से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने कहा, "टॉस हारने के बाद मैच हमेशा चुनौतीपूर्ण हो गया था, क्योंकि ओस एक बड़ा फैक्टर थी। अगर हम टॉस जीतते तो कहानी कुछ और हो सकती थी। ओस ने काफी असर डाला। हम अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर पाए। उस्मान का आज अच्छा दिन नहीं था, ऐसा हो सकता है। पूरे टूर्नामेंट में हम अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सके। अगर फरहान को थोड़ा और सहयोग मिला होता तो हालात बेहतर हो सकते थे।"