Indian Premier League: रिकी पोटिंग की कोचिंग वाली पंजाब किंग्स आईपीएल में सभी विपक्षी टीमों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। आईपीएल 2025 का फाइनल खेलने वाली पंजाब ने आईपीएल 2026 की शुरुआत भी उसी अंदाज में की है और अब तक अपराजेय है। गुरुवार को पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को उसके घरेलू मैदान वानखेड़े में 7 विकेट से हराया।
मुंबई इंडियंस पर जीत के बाद पंजाब किंग्स अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। दमदार जीत और सीजन में टीम के शानदार प्रदर्शन पर पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने कहा कि वह एक कोच के तौर पर खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं और चुनौती देते हैं, लेकिन उन पर नियंत्रण नहीं करते।
पोंटिंग ने जियोस्टार पर कहा, "मेरे लिए, यह सही माहौल बनाने से शुरू होता है, जहां हर खिलाड़ी को लगे कि उसे अहमियत दी जा रही है और वह एक ही पेज पर है। एक कोच के तौर पर, मैं उनका समर्थन करने और चुनौती देने के लिए हूं, उन पर नियंत्रण करने के लिए नहीं हूं। जब वे असफल होते हैं, तब भी उन्हें यह जानना होगा कि यह खेल का हिस्सा है। टी20 क्रिकेट में, आपको किसी भी दिन आगे बढ़ने के लिए बस कुछ ही खिलाड़ियों की जरूरत होती है।"