रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बैटिंग कोच और मेंटर दिनेश कार्तिक चाहते हैं कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम कम से कम आईपीएल 2027 तक बना रहे। उनका कहना है कि आईपीएल साइकिल के बीच में इस विवादित नियम को हटाना समझदारी भरा फैसला नहीं होगा।
हालांकि, कार्तिक ने इस नियम की आलोचना करते हुए कहा कि इससे भारत के लिए ऑलराउंडर तैयार करने के मौके कम हो रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्होंने आईपीएल 2027 में इस नियम को बनाए रखने का समर्थन किया। 'क्रिकबज' से बात करते हुए उन्होंने कहा कि टीमों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को ध्यान में रखकर ही अपनी टीमें बनाई हैं, और आईपीएल साइकिल के बीच में इसे हटाना सही नहीं होगा।
कार्तिक ने क्रिकबज के साथ बात करते हुए कहा, "जब यह नियम (इम्पैक्ट प्लेयर) पहली बार आया था, तो यह बहुत अच्छा था क्योंकि तब हाई-स्कोरिंग मैच होते थे और कई टीमें लक्ष्य का पीछा करने के करीब पहुंच जाती थीं। मगर अजीब बात है कि पिछले सीजन में बहुत कम करीबी मैच देखने को मिले। ऐसा लगा जैसे एक टीम ने बहुत ज्यादा रन बनाए और दूसरी टीम ने आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया। अगर आप देखें कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम ने आईपीएल पर कैसा असर डाला है, तो शुरुआत में यह काफी सकारात्मक था। हालांकि, धीरे-धीरे इसका आकर्षण और इसे लाने का मकसद कम होने लगा।"