इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के अपने इवेंट्स के लिए वेन्यू की विशिष्टता से जुड़े नियमों के चलते, विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का दूसरा हाफ क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) के ब्रेबोर्न स्टेडियम से वानखेड़े स्टेडियम में शिफ्ट किया जा सकता है।
शनिवार को एक सूत्र ने 'आईएएनएस' से कहा, "हां, इस बारे में चर्चा चल रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि आईसीसी विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी होने वाली है, और आईसीसी के प्रोटोकॉल के अनुसार, किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले वेन्यू के बीच 15 दिनों का अंतर होना चाहिए। यह समय-सीमा डब्ल्यूपीएल के दूसरे हाफ के दौरान आ रही है। अगर डब्ल्यूपीएल का दूसरा हाफ (फाइनल सहित) मुंबई के सीसीआई में होता है, तो वह 15 दिनों का गैप नहीं मिल पाएगा। इसलिए, डब्ल्यूपीएल कमिटी अभी इसी विषय पर चर्चा कर रही है। फिलहाल वे इसे सुलझाने में लगे हैं, और बातचीत पूरी होने के बाद जल्द ही कोई आधिकारिक जानकारी आने की उम्मीद है।"
मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार, डब्ल्यूपीएल का पांचवां संस्करण 14 जनवरी 2027 से शुरू होगा। उद्घाटन मुकाबले में मौजूदा चैंपियन और दो बार की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना मुंबई इंडियंस से वडोदरा में होगा। टूर्नामेंट में कुल 22 मैच खेले जाएंगे, जिनमें से शुरुआती 11 मुकाबले 24 जनवरी तक वडोदरा में आयोजित होंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण 26 जनवरी से मुंबई में खेला जाएगा।