अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही वनडे सीरीज से विराट कोहली आधिकारिक तौर पर बाहर हो गए हैं। कोहली को इंजरी की वजह से बाहर होना पड़ा है। बीसीसीआई की चयन समिति ने अफगान वनडे सीरीज के लिए कोहली की जगह भारतीय टीम में युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को मौका दिया है।
विराट कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ नाबाद और मैच विजयी 75 रन की पारी खेली थी। पारी के दौरान कोहली फिटनेस की समस्या से जूझते दिखे थे। फाइनल के दौरान उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग की चोट बढ़ गई। इसके बाद से ही वनडे सीरीज में उनके खेलने पर संदेह था। बता दें कि विराट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब सिर्फ वनडे खेलते हैं।
शनिवार को बीसीसीआई के मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अगरकर ने कहा, "आईपीएल फाइनल में चोट लगने के बाद से एक सप्ताह से भी कम समय बीता है। अभी समय-सीमा का पता नहीं है। ऐसा लगता है कि वे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैचों के लिए फिट हो सकते हैं। उनकी फिटनेस को लेकर फिजियो से कोई समय-सीमा नहीं मिली है।"