जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इकलौते टेस्ट मैच में मंगलवार को पारी और 85 रन के अंतर से जीत दर्ज की। सिर्फ तीन दिनों तक चले इस मुकाबले में मेजबान टीम के ओपनर इनोसेंट काइया ने बल्ले से जलवा बिखेरा, जबकि बांग्लादेशी खेमे से तैजुल इस्लाम ने हार के बावजूद अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 140 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 36 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से मोमिनुल हक ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (19) के साथ तीसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचाया। मोमिनुल हक ने 12 चौकों के साथ 60 रन की पारी खेली, लेकिन इस टीम के सिर्फ 3 ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। विपक्षी खेमे से न्यूमैन न्याम्हुरी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी और ब्रैड इवांस ने 2-2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने अपनी पहली पारी में 410 रन बनाकर 270 रन की विशाल लीड हासिल कर ली। इस टीम को इनोसेंट काइया और बेन करन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। बेन 5 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद काइया ने ब्रैंडन टेलर (17) के साथ 54 रन, जबकि ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।