भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
भारत की तरफ से इस मुकाबले में आकिब नबी अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर रहे हैं। टॉस जीतने के बाद कप्तान गिल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच पर थोड़ी ज्यादा घास है और यह थोड़ी पैची (कहीं-कहीं घास वाली) लग रही है। पिछले मैच में हमने जिस तरह से वापसी की, वह बहुत अच्छा था। यहां उमस अधिक है, इसलिए हमारे गेंदबाजों के लिए चुनौती भी ज्यादा होगी। सभी अच्छी फॉर्म में दिख रहे हैं। हमारी टीम में एक बदलाव है। नीतीश की जगह आकिब नबी डेब्यू कर रहे हैं।"
पहले वनडे में मिली हार के बाद वेस्टइंडीज ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। टॉस गंवाने के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा, "हम भी टॉस जीतने पर फील्डिंग ही चुनते। टॉस 50-50 है, लेकिन हमारे पास अच्छा करने का एक और मौका है। कुछ ऐसी चीजें हैं जिनमें हमें सुधार करने की जरूरत है। पिच काफी अच्छी लग रही है। हमारी टीम में चार बदलाव हैं।"