ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाले मल्टी-डे और वनडे मैचों के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत-ए टीम का ऐलान कर दिया है। मल्टी-डे मुकाबलों के लिए टीम की कमान देवदत्त पडिक्कल के हाथों में सौंपी गई है। वहीं, वनडे मैचों के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया है।
वनडे फॉर्मेट की टीम में हार्दिक पांड्या को भी शामिल किया गया है। हालांकि, हार्दिक इस सीरीज में तभी हिस्सा ले पाएंगे, जब वह अपना फिटनेस टेस्ट पास करने में सफल रहेंगे। भारत-ए को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबले और तीन वनडे मैच खेलने हैं, जिसकी शुरुआत 22 सितंबर से होनी है।
मल्टी-डे मुकाबलों के लिए साई सुदर्शन की वापसी हुई है। सुदर्शन इंजरी के कारण श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके थे। इसके साथ ही अमन मोखड़े, आयुष पांडे को भी जगह दी गई है। दलीप ट्रॉफ में ईस्ट जोन की तरफ से शानदार प्रदर्शन करने वाले कुमार कुशाग्र को भी टीम में शामिल किया गया है।