भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने कहा कि न्यूजीलैंड को उसकी धरती पर हराना भारत के लिए आसान नहीं होगा। उनका मानना है कि सिर्फ अच्छी साख या रिकॉर्ड के भरोसे जीत नहीं मिलेगी, बल्कि टीम को उससे भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा। शास्त्री ने भारतीय खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे दबाव से घबराएं नहीं और पहले टी20 मैच से ही न्यूजीलैंड पर दबाव बनाना शुरू करें, ताकि सीरीज में बढ़त हासिल की जा सके।
22 अक्टूबर से शुरू हो रही पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की यह सीरीज 1 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद पुरुष वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों के मद्देनजर पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज होगी, जो 19 नवंबर से 1 दिसंबर तक वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में खेली जाएगी।
इसके अलावा, भारत ए टीम भी न्यूजीलैंड के दौरे पर है, जहां वह तीन 'रेड-बॉल' (टेस्ट फॉर्मेट) मैच खेलेगी। इसकी शुरुआत 24 अक्टूबर को लिंकन से होगी। शास्त्री ने कहा, "न्यूजीलैंड भारत के खिलाफ पूरी ताकत से उतरेगा। वह अपनी परिस्थितियों को अच्छी तरह जानते हैं, पूरी तैयारी करके आते हैं और आपको हर जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। भारत के पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन सिर्फ नाम के दम पर वह यह सीरीज नहीं जीत सकते।"