भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला नोंडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने अपनी पारी 6 विकेट खोकर 357 रन बनाने के बाद घोषित की।
भारतीय टीम वॉर्मअप मैच के तीसरे दिन बल्लेबाजी करने नहीं उतरी और टीम ने दूसरे दिन के स्कोर पर ही पारी को घोषित करने का फैसला किया। भारतीय टीम की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद शतकीय पारी खेली। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे पडिक्कल ने 164 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 142 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 18 चौके लगाए। वहीं, रवींद्र जडेजा ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। जडेजा 63 रन बनाकर रिटायर हर्ट हुए।
हालांकि, केएल राहुल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 67 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए। मानव सुथार ने 90 गेंदों का सामना करते हुए 41 रन बनाए। वहीं, गुरनूर बरार ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। वॉर्मअप मैच में ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा।