भारत ने इकाना स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को 170 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही 3 मैचों की सीरीज में भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने अफगानिस्तान को जीत के लिए 403 रन का लक्ष्य दिया था। अफगान टीम 44.3 ओवर में 232 पर सिमट गई और 170 रन से मैच हार गई। अफगानिस्तान की रनों के लिहाज से वनडे में यह दूसरी सबसे बड़ी हार है।
403 रन के बड़े लक्ष्य को हासिल करने उतरी अफगानिस्तान की तरफ से किसी भी टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज द्वारा बड़ी पारी की जरूरत थी, लेकिन शीर्ष क्रम के 4 बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए और इस वजह से टीम को बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
अफगानिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा 79 रन रहमत शाह ने बनाए। इसके अलावा, सेदिकुल्लाह अटल ने 42, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 41, और इब्राहिम जादरान ने 21 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका।