भारत के पूर्व बैटिंग कोच विक्रम राठौर यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के पहले सीजन में 'डबलिन गार्डियंस' के हेड कोच हैं। भारत के पूर्व कप्तान और हेड कोच राहुल द्रविड़ इस टीम के सह-मालिक हैं। रविचंद्रन अश्विन की कप्तानी वाली यह टीम टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत के बाद फिलहाल 5वें स्थान पर है।
विक्रम राठौर का मानना है कि भारतीय अनुभव से 'ईटीपीएल' का स्तर काफी ऊंचा होगा। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि लीग के लंबे समय तक चलने के लिए पूरे साल स्थानीय यूरोपीय टैलेंट को तैयार करना बहुत जरूरी होगा।
गुरुवार को वर्चुअल बातचीत में राठौर ने 'आईएएनएस' से कहा, "इससे निश्चित रूप से मदद मिलेगी, क्योंकि भारत क्रिकेट, और खासकर टी20 क्रिकेट का पावरहाउस रहा है, क्योंकि आईपीएल भारत में ही होता है। इसलिए, भारत से लोगों का दुनिया के इन हिस्सों में आना और अपने अनुभव व आईपीएल या दूसरी लीग में काम करके जो सीखा है, उसे साझा करना बहुत अच्छी बात है।"