भारतीय क्रिकेट टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका में मौजूद है। पहला टेस्ट 15 अगस्त से और दूसरा टेस्ट कोलंबो में 23 अगस्त से खेला जाना है। श्रीलंका-भारत सीरीज में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है। दोनों टीमों के बीच खेली किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है।
विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ भारत में 2017-18 में खेली गई तीन टेस्ट मैचों की सीरीज की 5 पारियों में 3 शतक और 1 अर्धशतक लगाते हुए 610 रन बनाए थे। कोहली का औसत 152.50 और सर्वाधिक स्कोर 243 रन है। यह भारत और श्रीलंका के बीच किसी भी एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड है।
भारत-श्रीलंका के बीच खेली गई एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या हैं। जयसूर्या ने 1997 में श्रीलंका में भारत के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज की 3 पारियों में 2 शतक लगाते हुए 571 रन बनाए थे। जयसूर्या का औसत 190.33 रहा था। उस सीरीज में जयसूर्या ने तिहरा शतक लगाया था। उन्होंने 340 रन की पारी खेली थी, जो टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वाधिक स्कोर भी है।