New Chandigarh: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मुकाबले में साई सुदर्शन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों में 81 रनों की दमदार पारी खेली। हालांकि, वह शतक से चूक गए, जिसको लेकर सुदर्शन ने निराशा जाहिर की है।
सुदर्शन ने कहा कि उनके पास बड़ी पारी खेलने का बढ़िया मौका था, लेकिन वह ऐसा करने में नाकाम रहे। हालांकि, उन्होंने बल्ले से अहम योगदान देने पर खुशी जताई। सुदर्शन ने केएल राहुल के मिलकर दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की शानदार साझेदारी निभाई।
टेस्ट के दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए सुदर्शन ने कहा, "मुझे लगता है, मैं सेट था, यह एक बड़ी पारी हो सकती थी। निश्चित रूप से निराश हूं, लेकिन सच में खुश हूं कि मैं टीम के लिए योगदान दे सका।" टी20 क्रिकेट से लंबे फॉर्मेट में बदलाव के बारे में पूछे जाने पर, सुदर्शन ने बताया, "मुझे लगता है कि मानसिक तौर पर मेरे लिए यह कोई बड़ा फर्क नहीं है, क्योंकि मैं खेल को बहुत एक जैसा ही खेलता हूं, चाहे मैं कहीं भी जाऊं और खेलूं, फिर चाहे सफेद गेंद हो या फिर लाल। मेरे लिए यह सब फैसले लेने और कुछ छोटे-मोटे तकनीकी बदलाव करने के बारे में है, जिसके लिए हमारे पास तीन, चार दिन का समय था, जिससे मुझे लाल गेंद क्रिकेट में वापस आने में मदद मिली और यह बहुत अच्छा था।"