जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने शनिवार को भारत के खिलाफ द रोज बाउल में जारी टी20 सीरीज के पांचवें मुकाबले में 233 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के साथ इंग्लिश जोड़ी ने इतिहास रच दिया है। यह इंग्लैंड की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।
इस मामले में बटलर-ब्रूक ने डेविड मलान-इयान मॉर्गन की जोड़ी को पछाड़ दिया है, जिन्होंने साल 2019 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध 182 रन जुटाए थे। वहीं, जोस बटलर और एलेक्स हेल्स भारत के खिलाफ साल 2022 में एडिलेड के मैदान पर 170 रन की अटूट साझेदारी कर चुके हैं।
यह सभी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में दूसरे विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। बटलर-ब्रूक की जोड़ी ने इस मामले में संजू सैमसन और तिलक वर्मा की जोड़ी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2024 में जोहान्सबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 210* रन की साझेदारी की थी।