First T20I Match: भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार को रिवरसाइड ग्राउंड पर टी20 सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। इस मुकाबले में सिर्फ भारतीय टीम ही बल्लेबाजी कर सकी, जिसमें अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने खराब शुरुआत के बावजूद 7 विकेट खोकर 189 रन बनाए। मेहमान टीम ने महज 6 के स्कोर तक संजू सैमसन (1) और ईशान किशन (0) के रूप में 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से अभिषेक शर्मा ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 82 रन जुटाकर टीम को संभाल लिया।
अभिषेक 24 गेंदों में 4 छक्कों और 6 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद कप्तान अय्यर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने तिलक वर्मा (13) के साथ 36 रन और शिवम दुबे के साथ 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।