भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाना है। इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही अक्षर पटेल बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
दरअसल, अक्षर ने अब तक भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में कुल 99 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 746 रन बनाने के साथ ही 101 विकेट चटकाए हैं। चौथे टी20 में अगर अक्षर को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो यह उनके करियर का 100वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला होगा। वह भारत की तरफ से इस मुकाम तक पहुंचने वाले महज पांचवें खिलाड़ी बनेंगे।
अक्षर महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ेंगे। धोनी ने अपने करियर में भारत की ओर से 99 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। अब तक भारत के लिए सिर्फ 4 ही खिलाड़ी 100 से अधिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल सके हैं। रोहित शर्मा (161 मैच) इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं, जबकि हार्दिक पांड्या (138 मैच) दूसरे नंबर पर काबिज हैं। विराट कोहली (127 मैच) तीसरे नंबर पर हैं, तो सूर्यकुमार यादव (115 मैच) के साथ चौथे स्थान पर मौजूद हैं।