भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार को साउथैम्पटन के द रोज बाउल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में टीम इंडिया के सामने आईसीसी रैंकिंग में विश्व की नंबर एक टी20 टीम बने रहने की चुनौती होगी।
पांचवें टी20 में अगर इंग्लैंड भारत को हराने में सफल रहता है, तो इंग्लैंड टी20 में दुनिया की नंबर वन टीम बन जाएगी। हैरी ब्रूक की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड सीरीज में पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। भारतीय टीम शनिवार को सम्मान की लड़ाई लड़ने और नंबर एक की अपनी कुर्सी को बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। वैभव सूर्यवंशी तीन मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं, जबकि अभिषेक शर्मा का बल्ला पिछले दो मुकाबलों से खामोश रहा है। ईशान किशन इस सीरीज में रनों के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं।