भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। ऐसे में दोनों ही टीमों की कोशिश इस ऐतिहासिक मैदान पर सीरीज को अपने नाम करने की होगी।
पहले वनडे में मिली हार के बाद दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की। इंग्लिश गेंदबाज भारतीय टीम को 233 रनों पर समेटने में सफल रहे। जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन कार्डिफ में बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे, जबकि साकिब महमूद ने भी 2 विकेट चटकाए थे। पिच से मिल रहे दोहरे उछाल का भरपूर फायदा इंग्लिश गेंदबाजों ने उठाया था। वहीं, बल्लेबाजी में जो रूट ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 99 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
दूसरी ओर, भारतीय टीम तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की आस करेगी। दो मैचों में बल्ले से कुछ खास करने में नाकाम रहे रोहित शर्मा से टीम को इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन भी अहम योगदान देना चाहेंगे। श्रेयस अय्यर वनडे सीरीज में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। गेंदबाजों का प्रदर्शन शुरुआती दोनों वनडे मुकाबले में संतोषजनक रहा है।