West Indies: वेस्टइंडीज ने सलामी जोड़ी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत के सामने वनडे सीरीज के पहले मैच में जीत के 296 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। यह मुकाबला रविवार को ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 295 रन बनाए। टीम को सलामी जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। जॉन कैंपबेल ने जस्टिन ग्रीव्स के साथ पहले विकेट के लिए 19.2 ओवरों में 135 रन की साझेदारी की। जॉन 60 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 62 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद, ग्रीव्स ने कीसी कार्टी के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 गेंदों में 41 रन जोड़े। कीसी टीम के खाते में 13 रन का योगदान देकर आउट हुए, जिसके बाद मेहमान टीम ने तेजी से विकेट गंवा दिए। आलम ये रहा कि 198 के स्कोर तक वेस्टइंडीज के 5 विकेट गिर गए थे। इस दौरान 36वें ओवर की लगातार दो गेंदों पर कुलदीप यादव ने जस्टिन ग्रीव्स और ज्वेल एंड्रयू (0) को पवेलियन भेज दिया। ग्रीव्स ने 108 गेंदों में 12 चौकों के साथ 101 रन बनाए।