India vs West Indies Fifth T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि, बेंगलुरु में होती झमाझम बारिश के चलते टॉस देरी से होगा।
बारिश के चलते मैदान पूरी तरह से कवर्स से ढका हुआ है। बारिश अभी भी जारी है। 'एक्यूवेदर' की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु में मैच के समय पर तेज बारिश होने की आशंका है, जिसके चलते इस मुकाबले पर खतरा मंडरा रहा है। हालांकि, चिन्नास्वामी स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम (मैदान को सुखाने की व्यवस्था) काफी अच्छी है। बारिश के चलते ओवरों में कटौती भी देखने को मिल सकती है। हालांकि, अगर संभव हुआ, तो पांच-पांच ओवर का मैच भी कराया जा सकता है।
चिन्नास्वामी में भारत ने अब तक कुल 8 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में जीत मिली है, जबकि 3 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। भारत ने इस ग्राउंड पर अपना आखिरी मैच 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसका नतीजा दो सुपर ओवर खेलने के बाद भारत के पक्ष में निकला था।