भारतीय क्रिकेट कंट्रोल (बीसीसीआई) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑलराउंडर नमन धीर के साथ तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार सीनियर वनडे टीम में मौका दिया गया है। आइए, इनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
पंजाब के बैटिंग ऑलराउंडर नमन धीर 2023-24 में टीम के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीत चुके हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने साल 2024 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की। उस सीजन सात मैच खेले, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 62 रनों की पारी भी शामिल रही। इसके बाद नमन को अगले सीजन रिलीज कर दिया गया था, लेकिन साल 2025 की नीलामी में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 'राइट-टू-मैच' ऑप्शन का इस्तेमाल करते हुए अपने साथ वापस जोड़ा और नमन को सभी 16 मैच खेलने के मौके मिले, जिसमें उन्होंने 182.60 के स्ट्राइक रेट से 252 रन कूटे। आईपीएल 2026 में उन्होंने इसी टीम के लिए 14 मुकाबलों में 26.50 की औसत के साथ 318 रन बनाए।
26 वर्षीय नमन फर्स्ट क्लास करियर में 20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 23.06 की औसत के साथ 669 रन बनाए। इसमें 2 शतक भी शामिल हैं। 14 लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके बल्ले से 39 की औसत के साथ 351 रन निकले हैं। 61 टी20 मुकाबलों में यह बल्लेबाज 1,222 रन बना चुका है। बतौर गेंदबाज उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 17 विकेट निकाले, जबकि लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 7 विकेट हैं। टी20 फॉर्मेट में उन्होंने 8 विकेट चटकाए।